26 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

इंदौर में छात्रों से संवाद, सवाल पूछने वाले युवाओं से सिस्टम को खतरा, इसलिए अंधभक्त तैयार किए जा रहे : राहुल गाँधी

Must read

 

इंदौर। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ के पांचवें संस्करण में छात्रों और युवाओं से संवाद किया। ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ विषय पर करीब एक घंटे चले कार्यक्रम में शिक्षा, बेरोजगारी, भर्ती में देरी, पेपर लीक, निजीकरण और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल प्रमुखता से उठे। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।

राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सिस्टम को स्टूडेंट से खतरा है, क्योंकि स्टूडेंट सवाल पूछता है। उन्होंने दावा किया कि सवाल पूछने वाले युवाओं को रोकने के लिए सिस्टम अंधभक्त तैयार करता है। राहुल ने छात्र और अंधभक्त के बीच अंतर बताते हुए कहा कि जहां स्टूडेंट सवाल पूछता है, वहीं अंधभक्त सवाल नहीं करता; स्टूडेंट मोहब्बत की बात करता है, जबकि अंधभक्त नफरत फैलाता है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र निडर होता है और महिलाओं का सम्मान करता है।

कार्यक्रम में छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में देरी और पदों के लंबित रहने की शिकायतें रखीं। एक छात्र ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में पिछले कई वर्षों से भर्तियों में 13 फीसद पदों को रोके जाने के कारण हजारों अभ्यर्थी प्रभावित हैं और कई अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर चुके हैं। नर्सिंग छात्रा ने छह साल बाद भी पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने की समस्या बताई। राहुल ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और पेपर लीक का खामियाजा लाखों छात्रों को भुगतना पड़ता है। छात्रों की ओर से इस दौरान आवाज उठी—‘सर, हम सिस्टम से हार गए।’

राहुल गांधी ने शिक्षा बजट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले बजट का 4.6 फीसद शिक्षा पर खर्च होता था, जबकि अब यह 2.6 फीसद रह गया है। उन्होंने शिक्षा को हर छात्र का अधिकार बताते हुए कहा कि स्कूल से लेकर कॉलेज और रोजगार तक बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। राहुल ने सरकारी ढांचे, निजीकरण और शिक्षा की बढ़ती लागत को लेकर भी सवाल उठाए।

देश में युवाओं की बड़ी आबादी का हवाला देते हुए कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के करीब 36.74 करोड़ युवाओं का उल्लेख किया गया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक यह आबादी का लगभग 26 फीसद हिस्सा है। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में 18 से 29 वर्ष के मतदाताओं की हिस्सेदारी 22.78 फीसद थी। श्रम बल सर्वेक्षण के मुताबिक 2025 में 15 से 29 वर्ष के युवाओं की बेरोजगारी दर 9.9 फीसद रही।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की ओर से मंच पर पहुंचे कुछ छात्रों को कांग्रेस कार्यकर्ता बताए जाने की बात भी सामने आई। वहीं कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और अनुमति को लेकर अड़चन के आरोप लगाए। दूसरी ओर कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए एंबुलेंस भी जाम में फंसी। राहुल गांधी ने कार्यक्रम के बाद छात्रों के साथ सेल्फी ली और दिल्ली हादसे में जान गंवाने वाले छात्र के परिजनों से भी मंच पर बातचीत की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article