नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के संगम विहार (Sangam Vihar) इलाके में आवारा कुत्तों (Stray dog) के आतंक का एक और मामला सामने आया है। गली नंबर-5 में घर के बाहर खेल रहे 18 माह के अब्बास पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल अब्बास को अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। फुटेज में कुत्ता बच्चे को जमीन पर गिराकर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बच्चे के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने चेहरे की चोटों को देखते हुए प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है। परिजन बच्चे के इलाज को लेकर चिंतित हैं और उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।
घटना के बाद नगर निगम की टीम ने संगम विहार इलाके में कार्रवाई करते हुए कुछ आवारा कुत्तों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा। हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस कुत्ते ने अब्बास पर हमला किया था, वह अभी तक पकड़ा नहीं गया है। इससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बनी हुई है।
अब्बास के पिता इसराज खान, जो ऑटो चालक हैं, ने कहा कि आवारा कुत्तों से सुरक्षा को लेकर नियम और न्यायालय के निर्देश मौजूद हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है। उन्होंने हमलावर कुत्ते को जल्द पकड़ने के साथ संकरी गलियों में नियमित निगरानी और कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की है। स्थानीय लोगों ने विधायक से भी अपने फंड से सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम कराने की अपील की है।


