नवाबगंज। पठान मिल्किया गांव में शुक्रवार देर रात सियारों के झुंड ने हमला कर दिया। चार से अधिक सियारों के झुंड ने घरों के बाहर बंधे पशुओं को निशाना बनाया। हमले में छह भैंस और एक बकरी घायल हो गईं। पशुओं को बचाने के लिए बाहर आए नौसाद पर भी सियारों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
नौसाद के मुताबिक, वह रात में घर के बाहर लेटे हुए थे। इसी दौरान चार से अधिक सियारों का झुंड गांव में पहुंचा और घर के बाहर बंधे पशुओं पर हमला करने लगा। पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनकर नौसाद की नींद खुली। उन्होंने सियारों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन सियारों ने उन पर भी हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के एकत्र होने के बाद सियार वहां से भाग गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, हमले में सिराज की एक भैंस, अतीक की एक भैंस, बंगाली की एक भैंस, नौसाद की दो भैंस तथा अल्ताफ की एक भैंस और एक बकरी घायल हुई हैं। नौसाद भी इस हमले में जख्मी हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से रात के दौरान गांव के आसपास सियारों की आवाजाही बढ़ी है। झुंड में सियारों के पहुंचने से पशुपालकों में अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेने, गांव के आसपास सियारों की निगरानी कराने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


