– 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन के बाद पेट्रोलिंग के दौरान हुआ हादसा
– लोहिया अस्पताल में चल रहा इलाज
फर्रुखाबाद। जिले में बिजली विभाग के 132 केवी पावर हाउस भोलेपुर में शुक्रवार को उस समय हादसा हो गया, जब 33 केवी लाइन के ब्रेकडाउन के बाद लाइन की जांच की जा रही थी। मेगर टेस्ट के दौरान अचानक तेज ब्लास्ट हो गया। हादसे में बिजली विभाग से जुड़े हिमांशु, टीजी-2 चंदन कुमार सहित 132 केवी के एसएसओ झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आज 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन में चली गई थी। इसके बाद लाइनमैनों की टीम द्वारा लाइन की पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान 132 केवी पावर हाउस भोलेपुर में लाइन का मेगर टेस्ट किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि मेगर करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया।
अचानक हुए विस्फोट से मौके पर मौजूद बिजलीकर्मी इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। हादसे के बाद पावर हाउस में अफरा-तफरी मच गई। विभागीय कर्मचारियों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हुए और घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। ब्लास्ट किस तकनीकी कारण से हुआ और उस समय विद्युत सुरक्षा के कौन-कौन से प्रबंध किए गए थे, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


