34 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

कार की टक्कर से शिक्षा विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी की मौत

Must read

 

अस्पताल पहुंचते ही थमी सांस

फर्रुखाबाद। कानपुर-फर्रुखाबाद मार्ग पर याकूतगंज चौकी के पास बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षा विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल चौहान (38) की मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची याकूतगंज चौकी पुलिस उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद काफी देर तक राहुल की पहचान नहीं हो सकी। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर बताया गया। पुलिस ने घायल की तलाशी ली तो जेब से मोबाइल फोन और कुछ कागजात मिले। मोबाइल के जरिए पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद मृतक की पहचान मसेनी निवासी राहुल चौहान के रूप में हुई और परिवार को हादसे की जानकारी दी गई।

राहुल चौहान कादरी गेट थाना क्षेत्र के मसेनी के रहने वाले थे। वह मैनपुरी जिले के बेवर में शिक्षा विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बुधवार शाम वह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान याकूतगंज चौकी से कुछ दूरी पर उनकी बाइक में चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चर्चा है कि बाइक को पिकअप वाहन ने टक्कर मारी थी, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिसकर्मी राहुल को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार के लोगों को सूचना दी। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है।

परिजनों के मुताबिक राहुल दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। कुछ समय पहले ही राहुल के घर बेटे का जन्म हुआ था। उनकी पत्नी बेटे के साथ इन दिनों मायके गई हुई थीं। राहुल की ससुराल कमालगंज में है। परिवार में कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article