नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। कस्टम्स अधिकारियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक (Bangladeshi national) को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 1.8 करोड़ रुपये कीमत का 1.346 किलो सोना बरामद किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सोने को केमिकल पेस्ट के रूप में अंडरगारमेंट में छिपाकर ले जा रहा था। आरोपी जेद्दा से दिल्ली पहुंचा था और यहां से उसे ढाका जाना था। कस्टम्स अधिकारियों ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सोना बरामद किया। मामले में आगे की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह कार्रवाई 12 सितंबर को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में की गई। CISF जवानों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर उसकी बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान यात्री के अंडरगारमेंट में छिपाकर रखे गए तीन अंडाकार कैप्सूल बरामद हुए। अधिकारियों के मुताबिक, इन कैप्सूल के अंदर सोने का केमिकल पेस्ट भरा हुआ था। बरामद सामग्री को आगे की जांच के लिए कस्टम्स अधिकारियों को सौंप दिया गया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, पैकेजिंग समेत तीनों कैप्सूल का कुल वजन करीब 1,596 ग्राम था। यात्री को विमान से उतारकर एयरपोर्ट पर कस्टम्स प्रिवेंटिव अधिकारियों के पास ले जाया गया। इसके बाद कैप्सूल से सोने का पेस्ट निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 1,346 ग्राम सोना बरामद हुआ। इससे सोने की दो छड़ें तैयार की गईं।
बरामद सोने की कीमत करीब 1.8 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान यात्री ने कथित तौर पर बताया कि उसे यह सोना एयरपोर्ट के ट्रांजिट एरिया में ही किसी व्यक्ति को सौंपना था। इसके बाद कस्टम्स अधिकारियों ने सोना जब्त कर लिया और आरोपी को कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


