मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बैराम नगर गांव में चकमार्ग खोदने से रोकने पर गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी सुशील कुमार ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के मुताबिक, 15 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह गांव के मुख्य चकमार्ग और पास में बन रहे मकान के निकट मौजूद था।
इसी दौरान राजेश यादव, निर्वेश यादव, गोविंद यादव और योगेंद्र यादव कथित तौर पर चकमार्ग को खोदकर अपने शौचालय का दूषित पानी रास्ते पर बहाने का प्रयास कर रहे थे। सुशील कुमार ने सार्वजनिक रास्ते को क्षतिग्रस्त करने और वहां दूषित पानी बहाने से मना किया।
आरोप है कि विरोध करने पर चारों लोगों ने सुशील कुमार के साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद मौके से चले गए। घटना के बाद सुशील कुमार ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


