34 C
Lucknow
Wednesday, September 16, 2026

जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

Must read

 

छत से गिर रहा प्लास्टर

कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

कमालगंज। ब्लॉक कमालगंज क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चौकी रघुनंदनपुर की हालत इन दिनों बेहद जर्जर बनी हुई है। विद्यालय भवन की खिड़कियों में जाली तक नहीं लगी है, वहीं कई स्थानों पर प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। सबसे गंभीर स्थिति छत की है, जहां से लगातार प्लास्टर और मलबा गिरने की बात सामने आ रही है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विद्यालय भवन की हालत देखकर साफ है कि इसे मरम्मत की जरूरत है। छत का प्लास्टर जगह-जगह कमजोर होकर टूट रहा है और किसी भी समय बड़ा हिस्सा गिरने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के साथ गंभीर दुर्घटना हो सकती है। अभिभावकों में भी विद्यालय की जर्जर हालत को लेकर चिंता है।
विद्यालय की खिड़कियों में जाली न होने से भी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जर्जर भवन में बच्चों की कक्षाएं संचालित होने के कारण शिक्षक भी चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए भवन की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
इस संबंध में जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति के संबंध में बीआरसी कमालगंज को करीब 15 दिन पूर्व पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। प्रधानाध्यापक के अनुसार भवन की मरम्मत के साथ खिड़कियों में जाली समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराए जाने की आवश्यकता है।
वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय की जर्जर स्थिति की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्यालय को ठीक कराया जाएगा, ताकि बच्चों और शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी या खतरा न रहे।
अब देखना यह है कि अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद विद्यालय की जर्जर छत और भवन की मरम्मत कब तक कराई जाती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराना जरूरी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article