लखनऊ। भीम आर्मी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का गंभीर आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने दावा किया कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में जो सूचनाएं और स्रोत हैं, वे गलत नहीं हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए कथित हत्या की साजिश और हाल में बाराबंकी में हुई घटना में शामिल लोगों की भूमिका सामने आनी चाहिए।
वीडियो में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मौत एक दिन आनी ही है और मौत से डरकर नहीं जिया जा सकता। उन्होंने अपने विरोधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उनके मंसूबे कामयाब नहीं हुए और उनके लोगों ने उन्हें ताकत, हिम्मत और साथ दिया तो ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश से पलायन करना पड़ेगा।
उन्होंने अपनी सुरक्षा के साथ प्रदेश में कमजोर वर्गों की सुरक्षा और न्याय को लेकर भी सवाल उठाए। यह बयान ऐसे समय आया है जब गोंडा में एक कारोबारी की हत्या के बाद चंद्रशेखर आजाद के गोंडा जाने के दौरान बाराबंकी में उनके काफिले को रोके जाने और विवाद की घटनाएं सामने आई हैं।


