30 C
Lucknow
Wednesday, September 16, 2026

अयोध्या में बनेगा एनएसजी का रीजनल हब, मिल्कीपुर में 26 हेक्टेयर जमीन मंजूर

Must read

 

अयोध्या। रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने अयोध्या की मिल्कीपुर तहसील में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए 26 हेक्टेयर यानी करीब 65 एकड़ भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
यह भूमि मिल्कीपुर तहसील के पूरे लालखां गांव के गाटा संख्या-429 में स्थित बंजर भूमि है। जमीन का बाजार मूल्य करीब 16.90 करोड़ रुपये बताया गया है। भूमि का उपयोग केवल एनएसजी क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए किया जाएगा।
सरकार की ओर से तय शर्तों के अनुसार आवंटित भूमि का प्रस्तावित उद्देश्य के लिए तीन वर्ष के भीतर उपयोग करना होगा। यदि इस अवधि में एनएसजी केंद्र की स्थापना के लिए भूमि का उपयोग नहीं होता है या भविष्य में इसकी आवश्यकता समाप्त हो जाती है, तो जमीन उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग के अधीन वापस चली जाएगी।
श्रीराम मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही बढ़ी है। ऐसे में स्थायी एनएसजी क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना से किसी बड़े सुरक्षा संकट या आपात स्थिति में एनएसजी की त्वरित उपलब्धता और प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। अधिकारियों के अनुसार इसका लाभ अयोध्या के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को भी मिल सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article