मोहम्मदाबाद।
मोहम्मदाबाद नींव करोरी फीडर से जरारी जा रही 33 केवीए विद्युत लाइन से अज्ञात चोर करीब 1100 मीटर तार चोरी कर ले गए। चोरी गए तार की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जेई ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
जरारी जाने वाली 33 केवीए विद्युत लाइन खटा जाने वाले मार्ग के पास से होकर गुजरती है। आसपास बबूल का जंगल होने के साथ खेत भी हैं। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने खेतों में लगे छह विद्युत पोलों के बीच का करीब 1100 मीटर तार काटकर चोरी कर लिया। यह विद्युत लाइन पिछले पांच-छह महीने से खराब पड़ी थी। चोरों ने खराब लाइन का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया।
मोहम्मदाबाद के लाइनमैन नितिन को तार चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने जहानगंज के लाइनमैन विजय मिश्रा को इसकी सूचना दी। विजय मिश्रा ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर जरारी के जेई विजय शंकर यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
जेई विजय शंकर यादव ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि जेई का प्रार्थना पत्र मिला है। घटनास्थल के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर सो रहे व्यक्ति ने चोरों को तार काटते हुए देखा है। उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में तार किसी बड़े वाहन से ले जाया गया होगा। मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


