लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में 33 जिलों के जिलाधिकारियों की महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। बैठक में ईवीएम -वीवीपैड से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
बैठक आरएमएल प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी में चल रही है और शाम 4 बजे तक इसके जारी रहने की जानकारी है। कार्यशाला में संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ डिप्टी जिला निर्वाचन अधिकारी , एफएलसी से जुड़े अधिकारी और सुपरवाइजर भी शामिल हैं।
कार्यशाला में ईवीएम और वीवीपैड मशीनों की प्रथम स्तर की जांच , मशीनों की सुरक्षा, भंडारण, परिवहन, तकनीकी व्यवस्थाओं और चुनाव के दौरान इनके संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को जानकारी दी जा रही है। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है।
कार्यशाला में अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, कानपुर, औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रूखाबाद, कानपुर देहात, बिजनौर, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, जालौन और बांदा समेत 33 जिलों के जिलाधिकारी शामिल हैं।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने, EVM-VVPAT की तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहने और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग की ओर से जिलास्तर पर तैयारियों की गति बढ़ाए जाने के बीच लखनऊ में हो रही यह कार्यशाला प्रशासनिक मशीनरी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में सामने आने वाले निर्देशों के आधार पर संबंधित जिलों में चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।


