नवाबगंज। इस्माइलपुर सिरौली गांव में सोमवार शाम घर में घुसे दो युवकों पर नवविवाहिता को तमंचा दिखाकर 7.05 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूटने का आरोप लगा है। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गांव निवासी भावना पत्नी गोविंद ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे वह घर पर अकेली थीं। उनके पति किसी काम से शहर गए थे। इसी दौरान दो युवक घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर तिजोरी की चाबी छीन ली। इसके बाद तिजोरी खोलकर उसमें रखे करीब 55 हजार रुपये और लगभग 6.50 लाख रुपये कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद भावना ने फोन से अपने पति को जानकारी दी। पति के करीब आठ बजे घर पहुंचने पर डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी राजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला से पूछताछ की।
पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोहम्मदाबाद के सीओ आलोक कुमार ने बताया कि डायल 112 पर लूट की सूचना मिली थी। जेवरात चोरी होने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


