कानपुर: यूपी के कानपुर (Kanpur) जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी खुर्द गांव के मजरा कनवापुर में रविवार को 15 वर्षीय कक्षा 9 की छात्रा (Student) की मौत का मामला सामने आया। छात्रा की पहचान अंजलि के रूप में हुई है, जो गांव के ही एक इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की, लेकिन फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अंजलि के पिता संजय पाल मजदूरी करते हैं। संजय के मुताबिक, रविवार सुबह काम पर जाने से पहले बेटी ने खाना बनाकर दिया था और वह अपने हाथों से उन्हें खाना खिलाने की जिद कर रही थी। संजय ने बताया कि खाना खाने के बाद वह काम के लिए निकल गए। इसी दौरान अंजलि की मां अनीता राय मवेशियों को चारा डालने के लिए घर से बाहर गई थीं।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय अंजलि घर में अकेली थी। छोटा भाई पीयूष भी खेलने चला गया, तभी अंजलि ने फंदा लगा लिया। पड़ोस के बच्चे उसे खेलने के लिए बुलाने पहुंचे, तो शव फंदे से लटका देख चीख पड़े। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि परिजन खुदकुशी का कारण नहीं बता सके हैं।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के मुताबिक, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर काफी देर तक जांच की। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार के लोग भी घटना के कारण के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।


