लखनऊ, 14 सितंबर। हिंदी दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में सोमवार से राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 14 सितंबर से 28 सितंबर तक चलेगा। पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों में राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, तात्कालिक टिप्पणी एवं राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और सुलेख प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को लखनऊ मंडल के सभी स्टेशनों पर राजभाषा के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। इसी दिन मंडल कार्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी दिवस सभी के लिए गर्व का अवसर है। यह उस भाषा को सम्मान देने का अवसर है, जिसने देश की सभ्यता, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को समृद्ध किया है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक जीवन, कार्यस्थल और सामाजिक जीवन में अधिक से अधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का सही और सहज प्रयोग विचारों को स्पष्ट करने के साथ प्रशासनिक कार्यों को भी सरल, सुगम और प्रभावी बनाता है।
रेलवे प्रशासन ने राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने तथा सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया है।
हिंदी दिवस पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ


