प्रदेश मुख्यालय में सुबह 11 बजे जुटेंगे मीडिया टीम के पदाधिकारी, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर होगा मंथन
लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की मीडिया टीम की अहम बैठक मंगलवार को लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में होगी। बैठक सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी।
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे। इस दौरान पार्टी की मीडिया रणनीति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में मीडिया टीम के पदाधिकारियों के साथ चुनावी मुद्दों, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर भी मंथन किया जा सकता है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन स्तर पर अपनी तैयारियों को तेज कर रहा है। ऐसे में मीडिया टीम की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक चुनावी माहौल में मीडिया और प्रचार तंत्र की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में होने वाली बैठक में आगामी कार्यक्रमों और मीडिया प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।


