प्रयागराज। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पहला हादसा गंगापार के उतरांव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुआ, जहां सड़क पर खराब खड़े पिकअप वाहन में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक और एक पशु व्यापारी वाहन के नीचे दब गए और दोनों की मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए। दूसरा हादसा यमुनापार के औद्योगिक थाना क्षेत्र में सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने हुआ, जहां सड़क पार कर रही महिला और उसके दो वर्षीय बेटे को ट्रक ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गंगापार में हादसा रविवार देर रात करीब एक बजे उतरांव थाना क्षेत्र के एकडला गांव के भरहरी के सामने हुआ। प्रतापगढ़ के दलियामऊ गांव निवासी विनोद यादव अपने साथियों राकेश यादव, त्रिभुवन पटेल, नन्नू वर्मा और नन्हेंलाल वर्मा के साथ गाजीपुर पशु बाजार से तीन दुधारू भैंस खरीदकर पिकअप से प्रतापगढ़ लौट रहे थे। पिकअप को सुल्तानपुर के बजेठी मीरानपुर निवासी वीरेंद्र लाल चला रहे थे। रास्ते में पिकअप में अचानक खराबी आ गई। चालक वीरेंद्र लाल और नन्नू वर्मा वाहन से उतरकर उसे ठीक करने लगे।
इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डीसीएम ने खड़े पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पलट गया और उसके नीचे चालक वीरेंद्र लाल तथा नन्नू वर्मा दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर उतरांव पुलिस और एनएचएआई की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय वीरेंद्र लाल और 55 वर्षीय नन्नू वर्मा को मृत घोषित कर दिया। पिकअप में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल विनोद यादव की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, यमुनापार में सोमवार सुबह औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने दर्दनाक हादसा हुआ। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलोही कला गांव निवासी 30 वर्षीय माया देवी अपने पति परवचन उर्फ बचनू और परिवार के साथ पिछले करीब चार वर्षों से हाईटेक सिटी के पास झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी करती थीं। सोमवार सुबह करीब छह बजे माया देवी खाना बनाने के लिए पानी लेने मीरजापुर मार्ग के दूसरी ओर गई थीं। लौटते समय करछना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला और उसके दो वर्षीय बेटे खतरू को चपेट में ले लिया।
ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने प्रयागराज के प्रमुख मार्गों पर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


