30 C
Lucknow
Monday, September 14, 2026

लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग, 2 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार

Must read

 

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर दोराहे के पास सोमवार दोपहर आरएच इंटरनेशनल नाम की लकड़ी की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं इतनी तेजी से उठा कि करीब दो किलोमीटर दूर तक इसका गुबार दिखाई दिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फैक्ट्री से उठ रहे घने धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी और घुटन की शिकायत होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली करा दिया।

फैक्ट्री में आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखा, जबकि दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही।

फैक्ट्री मालिक का नाम तस्लीम बताया जा रहा है। हालांकि आग किस कारण लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। हादसे के समय फैक्ट्री में कितने मजदूर मौजूद थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना के कारणों और संभावित नुकसान का आकलन कर रही है।

खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री में आग बुझाने का अभियान जारी था। हादसे में किसी के हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article