रामपुर बेहड़ा और सरैया के ग्रामीणों ने जताया विरोध, बोले- हाईवे पार करने में हो रही परेशानी
लखनऊ। सीतापुर हाईवे पर डिवाइडर में रेलिंग लगाए जाने को लेकर रामपुर बेहड़ा और सरैया गांव के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि डिवाइडर पर रेलिंग लगाए जाने से सड़क के दूसरी ओर आने-जाने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक हाईवे उनके आवागमन का प्रमुख मार्ग है। डिवाइडर पर रेलिंग लगने के बाद सड़क पार करने के लिए निर्धारित स्थान तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन ऐसी व्यवस्था भी होनी चाहिए जिससे आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। ग्रामीणों ने रेलिंग की व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने और सुरक्षित तरीके से हाईवे पार करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग उठाई।


