कमालगंज: कमालगंज कस्बा में होने वाले क्षेत्र के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन श्री गणेश महोत्सव को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। गणेश मौसम में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को देखते हुए रविवार को उच्चाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने थाना प्रभारी राम सहाय सिंह के साथ महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे पंडाल परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों, एंट्री और एग्जिट प्वाइंट का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग को लेकर आयोजकों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संभावना जताई कि इस बार महोत्सव में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए सभी व्यवस्थाओं को त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ पुख्ता रखा जाए।
पुलिस अधिकारियों ने गणेश सेवा समिति के पदाधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और भीड़ प्रबंधन की योजना के बारे में जानकारी ली। आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता, ध्रुव प्रकाश मिश्रा, सौरभ चौरसिया, गोपाल विश्नोई सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समिति ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि कमालगंज का गणेश महोत्सव जनपद का सबसे बड़ा महोत्सव माना जाता है, जिसकी तैयारी महीनों पहले से शुरू हो जाती है और दर्शन के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।


