अध्यक्ष डॉक्टर कविता बोली – जिले के बाढ़ पीड़ितों को मदद करना हम सबका कर्तव्य, निरंतर लगते रहेंगे कैंप
अमृतपुर
इमादपुर सोमवंशी तिराहा, राजेपुर में रविवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में IMA और रेड क्रॉस समाज ने संयुक्त रूप से बाढ़ पीड़ितों के लिए एक विशाल राहत एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
शिविर में बाढ़ से प्रभावित 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया गया। जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां, बिस्कुट और फल वितरित किए गए। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर बचाव व स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि संकट के इस दौर में बाढ़ पीड़ितों तक त्वरित चिकित्सा पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। शिविर में डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, और डॉ. प्रतिभा ने अपनी सेवाएं दीं।
सचिव डॉ इमरान अली ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय है। विपदा के समय में यह संयुक्त प्रयास पीड़ितों के लिए बड़ा सहारा बना। आयोजन में सहयोग देने वाले सभी डॉक्टरों व प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।


