कानपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना (Satish Mahana) के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कानपुर (Kanpur) के नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘अनूप गुप्ता’ नाम से संचालित सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ की है, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष को लेकर कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी।
मामले में भारतीय जनता पार्टी के जिला सह-कोषाध्यक्ष लालजी तिवारी ने नौबस्ता थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से संवैधानिक पद पर बैठे सतीश महाना के लिए भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया। लालजी तिवारी ने पुलिस से संबंधित यूजर की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में लगी है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट किस डिवाइस और किस स्थान से संचालित किया जा रहा था। इसके लिए आईपी एड्रेस के साथ प्रोफाइल की हालिया गतिविधियों की तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है। विवादित पोस्ट से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि भाजपा पदाधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी अकाउंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल की मदद से विवादित पोस्ट की जांच की जा रही है और आईपी एड्रेस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


