– आईटी चौराहे से हनुमान सेतु तक यातायात प्रभावित
– लालबाग, परिवर्तन चौक और कैसरबाग में भी वाहनों की लंबी कतारें
लखनऊ। राजधानी में शनिवार को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। आईटी चौराहे से हनुमान सेतु तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा हजरतगंज के लालबाग, परिवर्तन चौक और कैसरबाग क्षेत्र में भी यातायात प्रभावित रहा।
प्रमुख चौराहों और संपर्क मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति बिगड़ती गई। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
लखनऊ में यातायात दबाव वाले प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने हाल में स्थायी ड्यूटी, रेसर मोबाइल और सब-रूट मार्शल की व्यवस्था को मजबूत करने की योजना बनाई है। अधिकारियों के अनुसार अचानक बढ़ने वाले यातायात दबाव, दुर्घटना या अन्य कारणों से जाम लगने पर मौके पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था की जा रही है।
आईटी चौराहा-हनुमान सेतु मार्ग पर पहले भी यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन के कारण वाहनों का दबाव बढ़ता रहा है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील है कि वे जाम वाले मार्गों पर जाने से पहले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।


