– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर कसा तंज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से सत्ता में वापसी का दावा किए जाने के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर तंज कसा है।
पंकज चौधरी ने कहा, “मैं किसी को भी ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ देखने से नहीं रोक सकता।” उनके इस बयान को विपक्ष के उन दावों पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की बात कही जा रही है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही 2027 में होने हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा की ओर से लगातार भाजपा सरकार को घेरने और आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा किया जा रहा है।
वहीं, भाजपा नेतृत्व प्रदेश में अपनी सरकार की उपलब्धियों और संगठन की मजबूती के आधार पर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रहा है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज होती जा रही है।
पंकज चौधरी की ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ वाली टिप्पणी ने इस सियासी तकरार को और धार दे दी है। आने वाले दिनों में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।


