– मसूद पेजेश्कियन बोले- ईरान शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व चाहता है
– लेकिन दबाव के आगे नहीं झुकेगा
तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका पर ईरानी समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी तरह के जुल्म और दबाव के आगे नहीं झुकेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका देश टकराव नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व चाहता है।
पेजेश्कियन ने कहा कि अमेरिका ईरानी समाज में फूट के बीज बोने की कोशिश कर रहा है। उनके मुताबिक, बाहरी दबाव और हस्तक्षेप के बावजूद ईरान अपनी एकता और स्वतंत्रता से समझौता नहीं करेगा।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश दूसरे देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध और सह-अस्तित्व चाहता है। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा।
पेजेश्कियन का बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर मतभेद रहे हैं।


