32 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

स्कूल के गेट पर बच्चों ने जड़ा ताला, प्रधानाध्यापिका के निलंबन का विरोध

Must read

 

– बस्ते गेट पर टांगकर धरने पर बैठे छात्र-छात्राएं
– अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी किया प्रदर्शन

अलीगढ़। विकासखंड बिजौली के रसैनी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापिका के निलंबन के विरोध में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। नाराज स्कूली बच्चों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अपने बस्ते गेट पर टांगकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे बच्चों ने प्रधानाध्यापिका का निलंबन रद्द करने की मांग की।

बताया गया कि विद्यालय में कक्षा आठ के एक छात्र के करंट की चपेट में आने के मामले के बाद शिक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की गई थी। घटना को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बिजौली ने प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा था। उन्हें तीन दिन के भीतर अपना जवाब देने के निर्देश दिए गए थे।
मामले में स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद उसी दिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आलोक सिंह ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। निलंबन की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
छात्रों का कहना है कि प्रधानाध्यापिका के निलंबन से वे असहमत हैं और इसे वापस लिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर बच्चों ने विद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में अभिभावक और ग्रामीण भी प्रदर्शन में शामिल हो गए।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापिका के निलंबन को रद्द करने की मांग की। अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विभाग से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की।
विद्यालय के बाहर बच्चों के धरने और गेट पर ताला लगाए जाने की सूचना से शिक्षा विभाग में भी हलचल हुई। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मामला विकासखंड बिजौली के रसैनी गांव का है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article