– मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में जिले को प्रदेश में मिली बड़ी उपलब्धि
– प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने थपथपाई पीठ, खुलकर की प्रशंसा
फर्रुखाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक कामकाज में लगातार सुधार का असर अब मुख्यमंत्री पोर्टल की रैंकिंग में भी दिखाई देने लगा है। फर्रुखाबाद ने पूरे प्रदेश के टॉप-10 जिलों में जगह बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की जमकर सराहना की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्रदेश में फर्रुखाबाद का टॉप-10 जनपद में शामिल होना जिला प्रशासन की सक्रियता और बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
जयवीर सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की भी विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डीएम डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में बाढ़ पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के बीच प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होती है, लेकिन फर्रुखाबाद में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ राहत कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों को शानदार बताया।
मुख्यमंत्री पोर्टल की उपलब्धि के पीछे जिलाधिकारी की लगातार निगरानी को अहम माना जा रहा है। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न हो और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम आदमी की समस्या का समाधान है। फर्रुखाबाद का टॉप-10 में पहुंचना बताता है कि जिला प्रशासन इस दिशा में गंभीरता से काम कर रहा है।
डीएम की कार्यशैली को मिली मंत्री की सराहना
प्रभारी मंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की प्रशंसा को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनशिकायतों के निस्तारण से लेकर बाढ़ राहत तक डीएम की सीधी निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की कार्यशैली का परिणाम जिले की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है। जयवीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन इसी सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ काम करता रहे, ताकि फर्रुखाबाद विकास और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करता रहे।


