– रिपब्लिकन पार्टी के चुनाव जीतने पर हर वयस्क अमेरिकी को ‘ट्रंप डिविडेंड’ देने का वादा
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगामी मध्यावधि चुनाव को लेकर बड़ा चुनावी दांव खेला है। उन्होंने घोषणा की है कि यदि रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में अपना नियंत्रण बनाए रखती है तो हर वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5,000 डॉलर का भुगतान किया जाएगा। ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है।
ट्रंप की इस घोषणा की तुलना भारत की चुनावी राजनीति में चर्चित ‘रेवड़ी’ या सीधे आर्थिक लाभ देने वाली योजनाओं से की जा रही है। भारतीय राजनीति में चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ और मुफ्त सुविधाओं के वादे लंबे समय से चुनावी रणनीति का हिस्सा रहे हैं।
ट्रंप ने अपने ऐलान में कहा कि इस रकम को अमेरिका के भीतर ही खर्च करना होगा। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था कैसे होगी और भुगतान की पूरी प्रक्रिया क्या होगी।
अमेरिका में वयस्क नागरिकों की संख्या को देखते हुए इस योजना की लागत एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो सकती है। विशेषज्ञों ने इसे लेकर अमेरिकी बजट घाटे, महंगाई और सरकारी कर्ज पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर सवाल उठाए हैं।
विपक्षी नेताओं के साथ-साथ कुछ अर्थशास्त्रियों ने भी इसे लेकर गंभीर आपत्तियां जताई हैं। योजना को लागू करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी की जरूरत पड़ सकती है, जिससे इसके अमल का रास्ता आसान नहीं माना जा रहा।
ट्रंप इससे पहले भी टैरिफ से मिलने वाले राजस्व को अमेरिकी नागरिकों में बांटने और सरकारी खर्च में बचत से लाभ देने जैसे प्रस्ताव सामने रख चुके हैं, लेकिन वे योजनाएं अमल में नहीं आ सकीं। ऐसे में 5,000 डॉलर के नए ऐलान पर अमेरिकी राजनीति में बहस तेज हो गई है।


