सुल्तानपुर: आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में सुल्तानपुर की स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट (Special Magistrate Court) ने उनके खिलाफ समन जारी किया है। MP/MLA कोर्ट के स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने कुमार विश्वास को 30 सितंबर को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
यह मामला 2014 के लोकसभा चुनाव से जुड़ा है, उस समय कुमार विश्वास अमेठी संसदीय सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने और उनके सहयोगियों ने आदर्श आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन किया था। मामले की पुलिस जांच पूरी होने के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
22 मार्च 2014 को चुनाव प्रचार के दौरान अमेठी के जगदीशपुर थाने में कुमार विश्वास और उनके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, तत्कालीन थाना प्रभारी मो. हमीद की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आप नेता सोमनाथ भारती, कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
वर्तमान में इस मामले की सुनवाई सुल्तानपुर स्थित MP/MLA मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रही है। मामला लंबे समय से अदालत में विचाराधीन है। सुनवाई में अपेक्षित उपस्थिति नहीं होने और प्रक्रिया में देरी को लेकर अदालत ने सख्त रुख अपनाया है, इसी क्रम में कुमार विश्वास के नाम समन जारी किया गया है।


