31 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

ढाई घाट पर युवक गंगा में लापता, आठ दिन में चौथी घटना

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र के ढाई घाट पर मंगलवार सुबह एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा नदी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे युवक ढाई घाट स्थित गंगा पुल पर पहुंचा। बताया गया कि वह घर से अपनी बहन से 100 रुपये लेकर निकला था। कुछ देर बाद उसके कपड़े पुल पर मिले और वह गंगा में लापता हो गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर शमशाबाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के कपड़ों के पास से एक पत्र और चांदी की अंगूठी मिली है। पत्र में युवक द्वारा उसे तलाश न करने की बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लापता युवक की पहचान गौरव पुत्र रमेश सिंह निवासी अलीगंज, जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम के साथ गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। नदी के बहाव और जलस्तर को देखते हुए टीम ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार ढाई घाट पर पिछले आठ दिनों में इस तरह की यह चौथी घटना है। इससे पहले कुमरौर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति के गंगा में लापता होने की घटना सामने आई थी। उस मामले में उसके पुत्र ने गांव के ही दो लोगों पर शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट के बाद गंगा में धक्का देने का आरोप लगाया था।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने ढाई घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और ऐसे संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के इंतजाम किए जाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल युवक की तलाश के साथ घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article