– तेज बहाव से कटान बढ़ा, 111 गांव और 23 हजार परिवार प्रभावित
– चितार गांव पहुंचकर डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने लोगों को किया सतर्क
फर्रुखाबाद। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले में बाढ़ का संकट गहरा गया है। गंगा खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। नदी के तेज बहाव के चलते कई स्थानों पर कटान भी हो रहा है, जिससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचीं। उन्होंने चितार गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और मौजूदा हालात की जानकारी ली। डीएम ने लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
जिले में बाढ़ से 111 गांव प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण करीब 23 हजार परिवारों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। सबसे अधिक असर कायमगंज, अमृतपुर और सदर क्षेत्र में देखा जा रहा है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है। कटान वाले इलाकों में भी स्थिति की निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।


