30 C
Lucknow
Monday, September 7, 2026

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 146 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन, वृद्धजनों, महिलाओं, किशोरियों एवं शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजेपुर ब्लॉक की ग्रामसभा कढ़हार स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा एवं पोषण माह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 146 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें 75 पुरुष और 71 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के बाद सभी मरीजों को उनकी बीमारी एवं स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अधिकांश मरीज जुकाम, बुखार, खांसी, दमा, पेट संबंधी रोग, श्वांस संबंधी समस्याओं, डायबिटीज, मोटापा, गठिया एवं जोड़ों के दर्द तथा विभिन्न प्रकार के चर्म रोगों से पीड़ित पाए गए। चिकित्साधिकारी ने मरीजों की जांच कर उन्हें बीमारी से बचाव और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
शिविर के दौरान पोषण माह के तहत ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति भी जागरूक किया गया। डॉ. सुरेंद्र सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों और मरीजों को बाढ़ के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ पानी का सेवन करने और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए साफ-सफाई और स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों को नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करने के लिए भी प्रेरित किया। वहीं धात्री महिलाओं को विशेष रूप से शिशुओं की स्वच्छता, उचित पोषण और देखभाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। महिलाओं को सलाह दी गई कि वे अपने बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्र पर नियमित रूप से वजन अवश्य करवाएं, ताकि बच्चों में कुपोषण की समय रहते पहचान हो सके और जरूरत पड़ने पर उनका उचित उपचार कराया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article