फर्रुखाबाद। जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। ऐसे कठिन समय में सामाजिक संस्थाएं जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। इसी क्रम में श्री चिंतामणि सुंदरकांड पाठ समिति ने राजेपुर ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित रतनपुर ग्राम में पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
समिति के अध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने बताया कि बाढ़ के चलते रतनपुर गांव के कई घरों में पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आपसी सहयोग से राहत सामग्री एकत्र कर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
समिति द्वारा तैयार राहत किट में चावल, अरहर की दाल, सत्तू, नमक, सरसों का तेल, नहाने और कपड़े धोने का साबुन, मोमबत्ती, माचिस, दंत मंजन सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल की गईं। समिति के सदस्यों ने गांव में घर-घर जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष नजर आया। ग्रामीणों ने संकट की घड़ी में मदद के लिए समिति के सदस्यों का आभार जताते हुए उनके इस कार्य की सराहना की। समिति के सदस्यों ने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंदों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी संभव मदद के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
राहत वितरण कार्यक्रम में घनश्याम बाजपेई, कमलेश दीक्षित, प्रशांत सिंह, चंदन शुक्ला, अनुपम तिवारी, सौरभ सिंह, सार्थक सोमवंशी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंची चिंतामणि सुंदरकांड पाठ समिति, घर-घर बांटी जरूरी राहत सामग्री


