रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में गर्भवती कल्पना मिश्रा (Kalpana Mishra) और उसके नवजात शिशु की मौत के मामले को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे। परिजनों के विरोध के बीच चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। भोपाल से लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अपर सचिव सीमा डेहरिया ने रीवा मेडिकल कॉलेज (Rewa Medical College) डीन डॉ. सुनील अग्रवाल का तबादला कर दिया है। उनकी जगह डॉ. शशिधर गर्ग नए डीन की जिम्मेदारी संभालेंगे। तबादले का आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, डॉ. सुनील अग्रवाल को अधिष्ठाता, चिकित्सा महाविद्यालय सतना पद पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि सतना मेडिकल कॉलेज से डॉ. शशिधर गर्ग को रीवा मेडिकल कॉलेज का नया अधिष्ठाता नियुक्त किया गया है। कल्पना मिश्रा मामले में लंबे समय से परिजन और सामाजिक संगठन जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। ऐसे में डीन का तबादला इस पूरे मामले में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, परिजनों की मांग सिर्फ तबादले तक सीमित नहीं है। वे मामले में जिम्मेदार चिकित्सकों और अन्य दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और एफआईआर की मांग लगातार उठा रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि नए डीन के पदभार संभालने के बाद कल्पना मिश्रा मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है?


