दिल्ली पुलिस की बरेली जिला अस्पताल में दबिश, सीएमओ कार्यालय का आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी पकड़ा गया
बरेली। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बरेली में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल में दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सीएमओ कार्यालय में तैनात एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी शामिल बताया गया है।
मामले में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराने और जारी कराने के नेटवर्क की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस की टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर संबंधित लोगों से पूछताछ की और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
मामले में पीलीभीत में तैनात बाबू कमल की भी भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने और उन्हें जारी कराने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस पूरे नेटवर्क का संचालन किस स्तर से किया जा रहा था।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने सीएमओ कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई। आउटसोर्सिंग कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद विभागीय स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


