कायमगंज/फर्रुखाबाद
मामपुर गांव से कुछ दूरी पर खेत में बकरी चरा रहे एक बुजुर्ग पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। सियार के अचानक हमले से बुजुर्ग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह उनके शरीर पर कई जगह हमला कर गंभीर रूप से घायल कर चुका था।
जानकारी के अनुसार रामनिवास पाल निवासी मामपुर गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग ने सियार से बचने का प्रयास किया, लेकिन सियार ने उन पर कई जगह हमला कर दिया।
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर उनके नाती शुभ पाल पुत्र दिनेश पाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह हिम्मत जुटाकर सियार को वहां से भगाया पर सियार ने बुजुर्ग के नाती को भी घायल कर दिया। तब तक रामनिवास पाल गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सियार के हमले को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सियार को पकड़ने तथा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


