आशुतोष मौर्य फिर बने इकाई अध्यक्ष, आयुष महात्मा को प्रमुख महासचिव की जिम्मेदारी
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्रसभा की इकाई का पुनर्गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें आशुतोष मौर्य को पुनः इकाई अध्यक्ष तथा आयुष महात्मा को प्रमुख महासचिव बनाया गया।
इकाई अध्यक्ष आशुतोष मौर्य ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अश्वनी मौर्य और सचिन यादव को महासचिव, जबकि रोशन माहिर, सचिदानंद, ऋषिकेश, अनुराग और मंदीप को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। रोहित पल, संग्राम यादव और प्रतीक पटेल को सचिव बनाया गया।
इसके अलावा विधि संकाय अध्यक्ष मनीष, कला संकाय अध्यक्ष अनिकेत तथा विज्ञान संकाय अध्यक्ष दिव्यांशु को बनाया गया।
नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के स्वागत के लिए छात्रसंघ भवन में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रमुख महासचिव अखिलेश गुप्ता ‘गुड्डू’, वरिष्ठ छात्रनेता हरेंद्र यादव और विजयकांत की मौजूदगी में शहीद लाल पद्मधर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष आशुतोष मौर्य ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी कहा करते थे कि समाजवादी पार्टी युवाओं की पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बंद कर युवाओं की भागीदारी को दबाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्रसभा विश्वविद्यालय के छात्रों के बीच समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का काम करेगी। 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के अलावा प्रियांशु विद्रोही, अनुराग यादव, शिवम यादव, प्रियरंजन सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।


