दिल्ली जा रही फर्रुखाबाद डिपो की बस में सीट को लेकर हुआ विवाद, स्टैंड पर मचा हंगामा
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद डिपो की बस में दिल्ली जा रहे एक यात्री और चालक के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। यात्री सौरभ ने चालक पर गाली देने और विरोध करने पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिजन रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए और बस को रोककर चालक से खींचतान व गाली-गलौज करने लगे।
सौरभ के अनुसार, बस में पीछे की सीटें खाली थीं, जबकि वह आगे की एक खाली सीट पर बैठ गया था। चालक ने उसे वहां बैठने से मना किया। सौरभ ने सीट खाली होने की बात कही, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चालक ने उसे गाली दी और विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद सौरभ ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी। परिजन बस स्टैंड पहुंचे तो चालक बस को फतेहगढ़ मार्ग की ओर ले गया। पेट्रोल पंप के पास परिजनों ने बस को घेर लिया। इस दौरान चालक से खींचतान शुरू हो गई। एक परिजन चालक की खिड़की पर चढ़कर उसे नीचे खींचने का प्रयास करने लगा। हंगामा बढ़ने पर मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
बाद में चालक बस को वहां से निकालकर दिल्ली जाने वाले मार्ग पर ले गया। घटना के दौरान बस में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले में दोनों पक्षों के आरोप सामने आए हैं।


