27 C
Lucknow
Wednesday, September 2, 2026

एलिवेटेड ट्रैक निर्माण से रेल संचालन में होगा बदलाव, कई ट्रेनों के समय बदले

Must read

कानपुर अनवरगंज-मंधना के बीच ब्लॉक के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बनाई नई व्यवस्था
फर्रुखाबाद। कानपुर अनवरगंज से मंधना के मध्य प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैक निर्माण कार्य के चलते रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन में आंशिक परिवर्तन किया जाएगा। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में संशोधन करते हुए संचालन व्यवस्था को व्यवस्थित करने की तैयारी की है।
इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में फर्रुखाबाद से कानपुर अनवरगंज/कानपुर सेंट्रल के बीच मंडल के रेक लिंक के माध्यम से चार जोड़ी लोकल गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। कानपुर अनवरगंज-मंधना के बीच एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के लिए ब्लॉक लिए जाने के बाद समय में आंशिक संशोधन करते हुए वर्तमान व्यवस्था की तरह दो जोड़ी एक्सप्रेस और दो जोड़ी सवारी गाड़ियों समेत कुल चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा।
इसी प्रकार फर्रुखाबाद-कासगंज रेलखंड पर वर्तमान में छह जोड़ी गाड़ियों का संचालन हो रहा है। निर्माण कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों के समय में आंशिक संशोधन किया जाएगा। इसके बावजूद यात्रियों के लिए तीन जोड़ी एक्सप्रेस और तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों समेत कुल छह जोड़ी गाड़ियों का संचालन जारी रखने की व्यवस्था की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक निर्माण के साथ-साथ पीक्यूआरएस मशीन से संबंधित कार्यों के लिए भी अलग-अलग रेलखंडों पर ब्लॉक कॉरिडोर उपलब्ध कराया जाएगा। पटियाली से फर्रुखाबाद तक दिन के समय करीब चार घंटे का ब्लॉक कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा। वहीं कन्नौज से मंधना तक दिन में करीब 3.50 से चार घंटे तथा फर्रुखाबाद से कन्नौज तक दिन के समय करीब 3.50 से 4.30 घंटे का ब्लॉक कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा।
15037/15038 का ब्लॉक स्टेशनों पर मिलेगा अस्थायी ठहराव
यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 15037/15038 (कासगंज-मंधना-कासगंज) को मंधना से फर्रुखाबाद के मध्य पड़ने वाले सभी ब्लॉक स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। यह व्यवस्था एलिवेटेड ट्रैक निर्माण कार्य पूरा होने तक यात्रियों की सुविधा के लिए लागू रहेगी। इससे बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कई ट्रेनों के समय में बदलाव
रेलवे ने कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन किया है। गाड़ी संख्या 15041 (फर्रुखाबाद-कासगंज) का फर्रुखाबाद से वर्तमान प्रस्थान समय सुबह 7:15 बजे के स्थान पर अब सुबह 6:50 बजे किया जाएगा।
इसी तरह गाड़ी संख्या 55346 (कासगंज-लखनऊ) को मंधना तक चलाया जाएगा। इसका कासगंज से वर्तमान प्रस्थान समय दोपहर 2:45 बजे के स्थान पर अब शाम 4:00 बजे किया जाएगा।
वहीं गाड़ी संख्या 55345 (लखनऊ-कासगंज) को मंधना से संचालित किया जाएगा। इसका मंधना से वर्तमान प्रस्थान समय सुबह 7:40 बजे के स्थान पर अब सुबह 4:40 बजे निर्धारित किया गया है।
रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के दौरान यात्रा करने से पहले ट्रेनों के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। निर्माण कार्य के चलते समय-सारणी में बदलाव होने से यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम की योजना नए समय के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article