मेडिकल टीम और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था पूरी, ब्लड बैंक में एबी पॉजिटिव रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित
संदीप सक्सेना
फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे को लेकर जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में विशेष चिकित्सा व्यवस्थाएं की गई हैं और ब्लड बैंक में सेफ रूम तैयार किया गया है।
लोहिया अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल टीम को चिन्हित कर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान चिकित्सकों, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन की टीम पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान डॉ. मनोज पांडे, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. अवनीश अग्निहोत्री, डॉ. रोहित तिवारी, डॉ. जय सिंह और डॉ. अमिताभ चौहान चिकित्सा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। इनके साथ फार्मासिस्ट सचिन द्विवेदी एवं सुधाकर मिश्रा तथा लैब टेक्नीशियन शानू भदौरिया भी मौजूद रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर यह चिकित्सा टीम मुख्यमंत्री के काफिले के साथ भी रहेगी।
ब्लड बैंक में एबी पॉजिटिव रक्त की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए लोहिया अस्पताल की ब्लड बैंक में आवश्यक रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री का ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव है। इसी को ध्यान में रखते हुए ब्लड बैंक में एबी पॉजिटिव रक्त की पर्याप्त व्यवस्था रखने की तैयारी की गई है, ताकि किसी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
ब्लड बैंक में बनाया गया सेफ रूम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की ब्लड बैंक में ही विशेष सेफ रूम तैयार किया गया है। यहां आवश्यक चिकित्सा उपकरण, दवाएं और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया गया है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार तैनात किया गया है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए टीम को पूरी तरह तैयार रखा गया है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जहां पुलिस एवं प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोहिया अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के दौरान चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।


