शमसाबाद। नगर पंचायत शमसाबाद के मोहल्ला सिकंदरपुर महमूद में बुधवार को धान के खेत में करीब आठ फीट लंबा अजगर दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। खेत में काम कर रहे किसान अनिल वर्मा की नजर अचानक खेत के बीच रेंग रहे अजगर पर पड़ी। विशालकाय अजगर को देखते ही किसान घबरा गए और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
अजगर को देखने के लिए खेत के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसे खेत से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन अजगर के लगातार सरकने के कारण उसे पकड़ना आसान नहीं था। सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य कुंवर जीत राजपूत और सभासद नितिन राजपूत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन दरोगा राकेश तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए ले जाया गया। वन विभाग की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन दरोगा राकेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। अजगर को सुरक्षित पकड़कर उचित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश और नमी के मौसम में खेतों, झाड़ियों तथा आसपास के इलाकों में सांप और अजगर निकलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।


