शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक सुमित (24) और मोहित (22) बाइक से शामली से सोनीपत की ओर भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने औद्योगिक थाना क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। दोनों शूटरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सुमित के खिलाफ एक और मोहित के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ में एसओजी के दो कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
26 अगस्त की शाम शामली में जिम से निकलने के बाद अंकित बालियान को हमलावरों ने घेर लिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें अंकित को पांच गोलियां लगीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने वारदात में चार शूटरों के शामिल होने की बात कही थी। सुमित और मोहित के मारे जाने के बाद अब सत्यम और आर्यन की तलाश जारी है।
अंकित के पिता सतबीर ने कार्रवाई पर कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है और बाकी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही पूरी तसल्ली होगी। अंकित की मां, पत्नी और बहन ने भी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
जांच में पुलिस को आशंका है कि अंकित की गाड़ी में GPS डिवाइस लगाया गया था, जिसके जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डिवाइस किसने लगाया और इसकी जानकारी किन लोगों तक पहुंच रही थी। हत्या से पहले सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट और वीडियो सामने आने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस हत्याकांड के शेष आरोपियों और कथित साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी है।


