फर्रुखाबाद। रविवार रात हुई झमाझम बारिश से दो दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बारिश का असर दिखाई दिया। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
कम्पिल, सिवारा, रुदायन और शमशाबाद समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद सड़कों और गलियों में जगह-जगह पानी भर गया। वहीं मौसम ठंडा होने से लोगों ने राहत की सांस ली। कई दिनों से गर्मी और उमस के कारण परेशान लोगों के लिए बारिश राहत लेकर आई।
इससे पहले जिले में करीब एक सप्ताह तक बारिश का दौर चला था। इसके बाद दो दिनों तक तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई थी। रविवार रात हुई बारिश ने मौसम का मिजाज फिर बदल दिया।
जनपद में अब तक करीब 225 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। बारिश का दौर जारी रहने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं किसानों को भी मौसम अनुकूल रहने की आस है।


