रनियां पुलिस की कार्रवाई, तमंचे, चापड़, चाकू, कारतूस, मोबाइल और स्कूटी बरामद
कानपुर देहात। जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रनियां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 अगस्त को हुई गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन तथा अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई।
रविवार, 30 अगस्त को थाना रनियां पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर कुकहट से रिंद नदी के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में फजल करीम (29) निवासी कुलियाना, कुली बाजार, थाना बादशाही नाका, कानपुर नगर और सलमान बाबू (लगभग 28) निवासी पकड़ी, थाना सचेंडी, कानपुर नगर के पैर में गोली लगी।
वहीं, पुलिस टीम ने पीछा कर उनके साथी इरफान (लगभग 25) निवासी रजवी रोड, थाना बेकनगंज, कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। घायल दोनों आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो चापड़, एक छूरा, एक छुरी, दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक स्कूटी UP78JF 3416 तथा जामा तलाशी में 1,330 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 25 अगस्त की गोकशी की घटना के संबंध में थाना रनियां में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


