फर्रुखाबाद। ई-रिक्शा चालक आकाश की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में कादरी गेट पुलिस ने उसकी पत्नी रूबी की तहरीर पर 11 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश शुरू कर दी है।
शनिवार को आकाश के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल आकाश को परिजनों ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें मिलने की बात सामने आई है। चिकित्सकों ने इन्हीं चोटों को मौत का कारण बताया है। मृतक के हाथ की उंगलियों पर भी गहरे जख्म पाए गए।
बताया गया कि करीब एक माह पहले ई-रिक्शा निकालने को लेकर आकाश का मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस मामले में आकाश ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी लगातार उस मुकदमे को वापस लेने के लिए आकाश पर दबाव बना रहे थे। हालांकि, विवाद के दौरान आकाश द्वारा गाली-गलौज किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
मृतक की पत्नी रूबी की तहरीर पर गंगानगर निवासी पप्पू शुक्ला, हर्ष शुक्ला, मोनू मिश्रा समेत 11 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


