ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने दो देशों के दौरे के पहले चरण में उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी और भव्य तरीके से स्वागत किया गया। यह प्रधानमंत्री मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है। इस यात्रा को दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल संपर्क, ऊर्जा, शिक्षा और जन-जन के संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
दौरे पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने व्यापार, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने तथा भारत और उज्बेकिस्तान के साझा विकास के विजन को आगे ले जाने की उम्मीद जताई।
ताशकंद प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी शास्त्री मेमोरियल पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा वह ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित महात्मा गांधी सेंटर का भी दौरा करेंगे।
उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक जाएंगे। वहां वह 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन एससीओ के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।


