28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलीं बुलंदशहर की बेटियां, रक्षाबंधन पर मिला गौरवपूर्ण अवसर

Must read

नई दिल्ली/लखनऊ: योगी सरकार की ओर से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जनपद बुलंदशहर (Bulandshahr) के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की पांच छात्राओं और एक खेल शिक्षिका को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu) से मुलाकात का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति भवन में देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से मुलाकात ने इन बेटियों के लिए न केवल एक यादगार अनुभव दिया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई प्रदान की।

प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेटियों को केवल शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, प्रतिभाशाली और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध करा रही है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के माध्यम से विशेष रूप से उन बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है। उन्होंने चयनित छात्राओं तमन्ना, प्रियांशी, प्राची, सोनी एवं चेतना तथा खेल शिक्षिका मिली अस्थाना को बधाई देते हुए कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि प्रदेश की लाखों छात्राओं के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं की सहभागिता से उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित होती है। राष्ट्रपति भवन की यह यात्रा और राष्ट्रपति से मुलाकात इन छात्राओं के शैक्षिक एवं व्यक्तिगत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित होगी।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में देशभर के चयनित 20 विद्यालयों में उत्तर प्रदेश से जनपद बुलंदशहर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को शामिल किया गया था। प्रदेश से बुलंदशहर का चयन होना जनपद के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय रहा। इस विशेष अवसर के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अनूपशहर की छात्रा तमन्ना, लखावटी की प्रियांशी, बुलंदशहर नगर की प्राची एवं सोनी तथा गुलावठी की चेतना का चयन किया गया। इनके साथ टीम लीडर के रूप में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बुलंदशहर ग्रामीण की खेल शिक्षिका मिली अस्थाना भी शामिल रहीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुलंदशहर की बेटियों को राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलना पूरे जनपद के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जनपद की बेटियां शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी ने चयनित छात्राओं एवं खेल शिक्षिका को इस स्वर्णिम अवसर के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

चयनित छात्राओं एवं खेल शिक्षिका को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह तथा जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) ऋचा राणा ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र बुलंदशहर से हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया था। इस दौरान विद्यालय की वार्डन, समस्त स्टाफ एवं अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिभागियों के स्थानीय परिवहन, भोजन एवं आवास की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

नई दिल्ली पहुंचने के बाद 28 अगस्त को छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति से मिलकर छात्राएं बेहद उत्साहित और अभिभूत नजर आईं। उनके लिए यह अवसर जीवन के यादगार क्षणों में शामिल हो गया। राष्ट्रपति से मुलाकात ने ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की बालिकाओं को यह संदेश भी दिया कि लगन, प्रतिभा और मेहनत के बल पर वे देश के सर्वोच्च स्तर तक अपनी पहचान बना सकती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article