28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

मुकदमा वापस न लेने पर ई-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या,

Must read

 

 

20 दिन पहले भी हुआ था हमला

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में शनिवार सुबह मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने को लेकर दबंगों ने ई-रिक्शा चालक आकाश कश्यप (40) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पत्नी रूबी के अनुसार, करीब 20 दिन पहले भी मोहल्ले के कुछ लोगों ने आकाश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और कई टांके लगे थे। मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पत्नी का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे।

रूबी के मुताबिक शनिवार सुबह आरोपी घर पर पहुंचे। परिवार ने गेट बंद कर लिया तो हमलावरों ने गेट तोड़ दिया और आकाश को कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर घसीट लाए और गली में लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। मारपीट में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से भाग गए।

परिजन आनन-फानन में आकाश को लोहिया अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बीस दिन के भीतर दूसरी बार हमले और फिर मौत की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article