कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के आंगन में बने बोरवेल के गड्ढे में 18 वर्षीय युवती यशी फंस गई। हादसे के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि यशी सुबह करीब 7 बजे सुरंगनुमा गड्ढे में फंस गई थी। वह जमीन से करीब 20 फीट नीचे फंसी हुई है। उसे बाहर निकालने के लिए बोरवेल से करीब 10 मीटर दूर समानांतर गड्ढा खोदा जा रहा है, ताकि सुरंग बनाकर युवती तक पहुंचा जा सके।
रेस्क्यू अभियान को गति देने के लिए मकान के अगले हिस्से को भी तोड़ा गया। आंगन में बड़ा गड्ढा होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है।
एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं। राहतकर्मी बेहद सावधानी से खुदाई कर रहे हैं, ताकि मिट्टी धंसने से युवती को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी है। प्रशासन की ओर से युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।


