लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू से इस सीजन की पहली मौत राजधानी लखनऊ में हुई है। इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी।
परिजनों ने पहले महिला का निजी अस्पताल में उपचार कराया था। 24 अगस्त को निजी पैथोलॉजी की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में हालत बिगड़ने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट और जीवनरक्षक उपकरणों पर रखा गया, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती कराते समय परिजनों ने महिला की स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट की जानकारी चिकित्सकों और कर्मचारियों को नहीं दी थी। मौत के बाद परिजनों ने मोबाइल फोन पर मौजूद रिपोर्ट डॉक्टरों को दिखाई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और एहतियाती कदम शुरू किए गए।
महिला के इलाज में शामिल 17 डॉक्टरों और कर्मचारियों तथा संपर्क में आए कुछ मरीजों के नमूने जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए हैं। इलाज में शामिल चिकित्सकों और कर्मचारियों को एहतियात के तौर पर अलग रहने की सलाह दी गई है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार, महिला की रिपोर्ट किस जांच के आधार पर पॉजिटिव आई थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग महिला की यात्रा और संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है। परिवार के सदस्यों को फिलहाल अलग रहने और किसी में सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी के लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांस लेने में परेशानी जैसे गंभीर लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें।


